- निगम को लगभग 50 लाख रुपये का नुकसान, कई इलाके में पूरी रात नहीं आई बिजली
पलवल। शहर में बुधवार की रात आई आंधी और तूफान के कारण बिजली विभाग को लाखों रुपये का नुकसान हो गया। आंधी-तूफान के कारण इलाके में 200 से अधिक बिजली के खंभे और 60 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए। कई जगहों पर ट्रांसफार्मर जमीन पर गिर गए। गनीमत रही कि इसमें कोई जनहानि नहीं हुई। शहर व आसपास के गावों में कई घंटों तक बिजली गुल रही। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
आंधी के कारण सबसे अधिक नुकसान हसनपुर क्षेत्र में हुआ। कई गावों में ट्यूबवेल व ट्रांसफार्मर आंधी के कारण जमीन पर गिर पडे़। बृहस्पतिवार को बिजली निगम के कार्यालय अभियंता सत्तार खान ने विभागीय टीम के साथ क्षेत्र के विभिन्न गावों का दौरा कर जायजा लिया। उन्होंने बताया कि हसनपुर क्षेत्र में बिजली के 62 खंभे और 60 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हुए हैं। होडल में 13 खंभे और 4 ट्रांसफार्मर, हथीन में 22 खंभे और 2 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हुए हैं। उन्होंने बताया कि कई जगहों पर बिजली के तार भी क्षतिग्रस्त हुए। इससे विभाग को लगभग 50 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
व्यवस्था ठीक करने में जुटी रहीं टीमें
कार्यालय अभियंता ने बताया कि क्षतिग्रस्त हुए बिजली के खंभों और ट्रांसफार्मर को बदलने का कार्य किया जा रहा है। स्टोर से ट्रांसफार्मर मंगवाए गए हैं। क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर और खंभों को बदलने के लिए निगम के सभी ठेकेदारों की टीमों के अलावा 7 अन्य टीमें लगी हुईं हैं। उन्होंने बताया कि तकनीकी कारणों से मीरपुर कौराली स्थित 66 के. बी. सब स्टेशन से हसनपुर, होडल, बंचारी, औरंगाबाद, रूंधी में बिजली आपूर्ति नहीं हो सकी थी। सभी ग्रामीण व शहरी फीडरों की बिजली आपूर्ति बृहस्पतिवार शाम तक सुचारू हो जाएगी।
—
दो दर्जन गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित
हथीन। शहर की बिजली आपूर्ति व्यवस्था आंधी व बरसात से कई घंटे तक प्रभावित रही। आंधी से बिजली की लाइनों में फाल्ट हो गए। पेड़ों की टहनियों के मध्य लाइनें उलझ गईं। हथीन शहर, अंधरोला, गुराक्सर, खिल्लुका, मिठाका, कोट, पचानका, गौहपुर, रूपडाका, मलाई, जराली, उटावड, घुड़ावली आदि स्थानों की सप्लाई प्रभावित रही। मलाई निवासी मोहम्मद जकरिया ने बताया कि कई घंटे तक बिजली की सलाई ठप्प रही। बिजली निगम स्टाफ ने सभी बिजली फीडरों की लाइनों को दुरुस्त कर दिया है। बिजली निगम के एसडीओ जसवीर बैनीवाल ने बताया कि बिजली लाइनों को ठीक करा दिया गया है। फाल्ट के चलते दो दर्जन से अधिक गांवों की बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। इससे पेयजल सप्लाई भी प्रभावित रही। बिजली निगम के जूनियर इंजीनियर श्रीभगवान ने बताया कि स्टाफ ने सभी लाइनों को ठीक कर दिया है।
—
आंधी में पेड़ गिरने से क्षतिग्रस्त हुआ मंदिर
होडल। उपमंडल में आई आंधी के कारण क्षेत्र में जहां कई रास्तों पर पेड़ गिरने के कारण आवाजाही बाधित हुई। कई क्षेत्र में बिजली के तार टूट गए, जिसके कारण बिजली आपूर्ति पूरी रात बाधित रही। वहीं, गोयल नर्सिंग होम के पास वर्षों पुराना पीपल का पेड़ मंदिर पर जा गिरा। जिसके कारण मंदिर क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि मंदिर में स्थापित भगवान शिव व हनुमान जी की मूर्तियां सुरक्षित रहीं। घटना की जानकारी मिलते ही दर्जनों श्रद्धालु मौके पर पहुंचे और मलबे के नीचे से मूर्तियों को सुरक्षित बाहर निकला।
क्षतिग्रस्त हुए बिजली के खंभों को बदलने का कार्य कराया जा रहा है। बिजली लाइनों को ठीक करा दिया गया है। अब बिजली सेवा जल्द ही सुचारू रूप से शुरू होगी। - जसवीर बैनीवाल, एसडीओ, बिजली निगम
फोटो कैप्सन: -22 एचडीएल 1,2
जंगल और गांव में क्षतिग्रस्त पडे बिजली का ट्रान्सफार्मर व बिजली के खम्बे