कहा- इंटरचेंज बनने से क्षेत्र के विकास में आएगी तेजी, मंत्री ने दिया आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन
संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। विधानसभा क्षेत्र के गांव रतीपुर के पास से गुजर रहे कुंडली-मानेसर-एक्सप्रेसवे पर इंटरचेंज की मांग को लेकर स्थानीय विधायक मोहम्मद ईसराईल चौधरी उद्योग मंत्री राव नरवीर सिंह से मिले। उन्होंने उद्योग मंत्री से कहा कि रतीपुर के पास इंटरचेंज बनने से हथीन विधानसभा क्षेत्र के आसपास के दो दर्जन गांवों की दो लाख की आबादी को सीधा लाभ होगा। उन्होंने कहा कि इंटरचेंज बनने से क्षेत्र का विकास भी तेजी से होगा।
विधायक ने बताया कि क्षेत्र को लोगों को कुंडली-मानेसर-एक्सप्रेसवे पर चढ़ने के लिए पलवल व मंडकौला जाना पड़ता है। इससे अनावश्यक संसाधन खर्च होने से आर्थिक नुकसान भी होता है। केएमपी पर चढ़ने के लिए समय भी अधिक लगता है। उन्होंने कहा कि जनहित में इंटरचेंज जरूरी है। उद्योग मंत्री नरवीर सिंह ने विधायक को आश्वासन दिया है कि इस बारे में केएमपी का संचालन कराने वाली एजेंसी हरियाणा स्टेट इंडस्ट्रियल एवं इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के अधिकारियों से रिपोर्ट ली जाएगी। इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इंटरचेंज बनने से गांव रतीपुर, दुर्गापुर, अहरवां, जलालपुर, भंगुरी, ममोलाका, मरोखडा, कलसाडा, गहलब, हथीन, फिरोजपुर राजपूत, अंधरोला, पचानका,गुराक्सर , खिल्लुका, मिठाका, कोट, गहलब, रूपडाका, उटावड, गौहपुर आदि गांवों को सीधा लाभ होगा।