नूंह। मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज की बदहाली का मामला अब तूल पकड़ता नजर आ रहा है। बुधवार को नूंह विधायक चौधरी आफताब अहमद ने कॉलेज की स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि वाईएमडी कॉलेज भी लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं और शिक्षकों की कमी से जूझ रहा है। वहां नियमित शिक्षकों के पद खाली पड़े हैं और अब इसी तर्ज पर मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज को भी कमजोर किया जा रहा है। आफताब अहमद ने आरोप लगाया कि हरियाणा वक्फ बोर्ड के प्रशासक जाकिर हुसैन जानबूझकर कॉलेज को बंद करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि चार महीने से अधिक समय से शिक्षकों को वेतन नहीं मिलना अन्याय है। गेस्ट टीचर्स को हटाने और विद्यार्थियों को बुनियादी सुविधाएं नहीं मिलने पर भी उन्होंने सवाल उठाए। संवाद