पशुओं को देखने गई बच्ची को कैंटर में ले गए आरोपी, तलाश जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। सदर थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार को 13 वर्षीय लड़की के अपहरण का मामला सामने आया है। लड़की के पिता की शिकायत पर पुलिस ने तीन लोगों, पिता-पुत्र और उनके एक साथी के खिलाफ अपहरण की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से आरोपी भागे हुए और पुलिस आरोपियों और नाबालिग लड़की की तलाश में दबिशें दे रही है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता दोपहर के समय पशुओं को देखने के लिए गांव के बाहर स्थित नौहरे (पशु आश्रय स्थान) पर गई थी। काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इस दौरान एक ग्रामीण ने बताया कि हरपाल नामक चालक, बेटा रवि और एक अन्य व्यक्ति बच्ची को एक कैंटर वाहन में लेकर जाते हुए देखा था। परिवार ने तुरंत गांव में आरोपियों के घर जाकर बच्ची को ढूंढने की कोशिश की, लेकिन वे पहले ही भाग चुके थे।
परिजनों ने तत्काल डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सदर थाना प्रभारी मनोज कुमार के अनुसार, शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि पिता-पुत्र ने एक अन्य व्यक्ति की मदद से अपहरण की साजिश रची थी। तीनों पर आईपीसी की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।