4 अगस्त को कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री आवास पर प्रस्तावित महापड़ाव में होंगे शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। मिड डे मील वर्कर्स यूनियन ने अपनी लंबित मांगों को लेकर आंदोलन तेज कर दिया है। यूनियन के आह्वान पर शुक्रवार को पलवल में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर जिला शिक्षा अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा और 4 अगस्त को कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री आवास पर प्रस्तावित महापड़ाव में बड़ी संख्या में शामिल होने की घोषणा की।
यूनियन नेताओं ने आरोप लगाया कि 11 जून को चंडीगढ़ में शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा के साथ प्रस्तावित बैठक में उनके अनुपस्थित रहने से मिड डे मील वर्करों में नाराजगी है। साथ ही 12 जनवरी को पंचकूला में हुई बैठक में मानी गई मांगों को अब तक लागू नहीं किया गया। इसके विरोध में प्रदेशभर की हजारों मिड डे मील वर्कर 4 अगस्त को कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री आवास पर महापड़ाव करेंगी। मांगें पूरी नहीं होने पर 10 अगस्त से जिला स्तर पर जेल भरो आंदोलन शुरू किया जाएगा।
यूनियन ने कहा कि मिड डे मील कर्मियों को केवल 7000 रुपये मासिक मानदेय दिया जा रहा है, जबकि उनसे भोजन बनाने के अलावा सफाई, माली और चपरासी जैसे अतिरिक्त कार्य भी कराए जाते हैं। कई-कई माह तक मानदेय का भुगतान नहीं होता और वर्दी भत्ता भी नहीं मिलता। नेताओं ने आरोप लगाया कि छात्रों की संख्या कम होने का हवाला देकर मानदेय में कटौती की जा रही है।
यूनियन ने मांग की कि मिड डे मील वर्करों को 12 माह का मानदेय दिया जाए, न्यूनतम वेतन 26 हजार रुपये किया जाए, सेवानिवृत्ति की आयु 65 वर्ष हो, वर्दी भत्ता 2000 रुपये तथा सेवानिवृत्ति पर दो लाख रुपये दिए जाएं। साथ ही स्कूलों के विलय और बंद करने की नीति पर भी आपत्ति जताई। प्रदर्शन की अध्यक्षता जिला प्रधान सोनबती ने की, जबकि संचालन जिला सचिव ऊषा ने किया। कार्यक्रम में सीटू नेता रमेशचंद, ताराचंद और उदयवीर सिंह भी मौजूद रहे।