संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में हरियाणा सरकार की ओर से चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को इंडोर स्टेडियम में जिला स्तरीय सेवा ज्योति यात्रा-विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विकसित भारत-2047 के निर्माण का संकल्प दिलाया गया।
कार्यक्रम में विधायक होडल हरिंद्र सिंह, विधायक हथीन मोहम्मद इसराइल, भाजपा जिला अध्यक्ष विपिन बैंसला सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, युवा और आमजन मौजूद रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के संबोधन का वर्चुअल प्रसारण भी किया गया।
विधायक हरिंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को राष्ट्रसेवा, जनसेवा और गरीब कल्याण के लिए समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना होगा।
कार्यक्रम की शुरुआत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, देशभक्ति गीतों और वंदे मातरम् के साथ हुई। इसके बाद भाजपा जिला अध्यक्ष विपिन बैंसला की अगुवाई में विधायक हरिंद्र सिंह, मोहम्मद इसराइल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने सेवा ज्योति-मशाल प्रज्ज्वलित कर ‘विकसित भारत संकल्प ज्योति यात्रा’ निकाली। यात्रा इंडोर स्टेडियम से आगरा चौक तक पहुंची। इस दौरान नगाड़ा और बीन पार्टी की प्रस्तुतियों ने माहौल में उत्साह भर दिया।
कार्यक्रम में उपायुक्त डॉ. जयेन्द्र सिंह छिल्लर, एडीसी उत्सव आनंद, जिला नगर आयुक्त मनीषा शर्मा, एसडीएम हथीन हरिराम, डीडीपीओ उपमा अरोड़ा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।