पुन्हाना। विश्व पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से पुन्हाना न्यायालय परिसर में पौधा वितरण अभियान किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश देते हुए लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने के लिए प्रेरित किया गया। अभियान के दौरान न्यायालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का वितरण किया गया। बार एसोसिएशन के प्रधान हारूण खान व वरिष्ठ अधिवक्ता अखतर हुसैन झारोखडी ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण, ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियां मानव जीवन के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही हैं। ऐसे में पौधारोपण पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का सबसे प्रभावी और सरल उपाय है।