पलवल। गांव खटैला सराय में एक मेडिकल स्टोर काे औषधि और प्रसाधन विभाग की टीम ने ग्रामीणों की मौजूदगी में सील कर दिया। स्टोर संचालक दुकान का दरवाजा बंद कर भाग निकला। स्वास्थ्य विभाग की टीम को यहां नशीली दवाइयों की बिक्री किए जाने की शिकायत मिली थी। जिसके आधार पर छापा मारा गया।
औषधि नियंंत्रण अधिकारी संदीप गहलान ने बताया कि कई दिनों से सराय खटैला स्थित नंगला अहसान रोड पर आदित्य मेडिकल स्टोर पर नशीली दवाइयां बेचने की सूचना मिल रही थी। उसी सूचना के आधार पर औषधि व प्रसाधन विभाग तथा हरियाणा राज्य स्वास्थ्य नियंत्रण ब्यूरो फरीदाबाद की सयुंक्त टीम बनाकर आदित्य मेडिकल स्टोर पर छापा मारा गया। टीम जब दुकान पर पहुंची तो शीशे का दरवाजा बंद था। वहां जानकारी मिली कि मेडिकल स्टोर संचालक रविंद्र खटाना टीम के पहुंचने से पहले ही दुकान बंंद कर फरार हो गया। उसे फोन कर बुलाने का प्रयास किया, लेकिन उसका फोन भी बंंद मिला। उन्होंने बताया कि बाद में दुकान मालिक व गांव के सरपंच की मौजूदगी में मेडिकल स्टोर को सील कर दिया गया है।
यहां कार्रवाई करने के बाद टीम द्वारा पास में स्थित आकाश मेडिकल स्टोर, पलवल-अलीगढ़ रोड पर स्थित शमशाबाद, इस्लामाबाद व राजीव कॉलोनी की करीब 9-10 मेडिकल स्टोर पर भी जाकर निरीक्षण किया गया तथा दुकानों में रखा स्टॉक जांचा गया। संदीप गहलान ने बताया कि अन्य दुकानों पर किसी तरह की नशीली या ऐसी दवा नहीं मिली, जिस पर रोक हो। जांच के बाद सभी दुकानों की रिपोर्ट तैयार कर अधिकारियों को भेज दी गई है।