संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। यातायात पुलिस ने बस अड्डा चौक से बैरिकेडिंग का एक हिस्सा हटा दिया है। इससे व्यापारियों ने राहत की सांस ली है। शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए यातायात पुलिस ने हाल ही में बस अड्डा चौक पर बैरिकेडिंग कर इसे बंद कर दिया था। इससे बड़े वाहन चालकों ने राहत की सांस ली, लेकिन चौक बंद होने से स्थानीय व्यापारियों की चिंता बढ़ गई थी। व्यापारियों का कहना था कि चौक बंद होने से ग्राहकों को उनकी दुकानों तक पहुंचने में परेशानी होगी, जिससे कारोबार और आमदनी प्रभावित हो सकती है।
व्यापारियों की परेशानी और यातायात व्यवस्था को देखते हुए यातायात पुलिस ने बैरिकेडिंग का एक हिस्सा हटाकर चौक को थोड़ा खोल दिया है। बस अड्डा चौक बंद होने के बाद अलावलपुर चौक पर जाम लगने लगा था, जिससे वाहन चालकों को आवाजाही में परेशानी हो रही थी।
शहर में कई प्रमुख चौराहे हैं, लेकिन बस अड्डा चौक का विशेष महत्व है। यहां से रेलवे स्टेशन, बस अड्डे और मीनार गेट बाजार की ओर जाने वाले लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे में चौक बंद होने से वाहन चालकों के साथ स्थानीय दुकानदारों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। व्यापारियों को आशंका थी कि ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित होने से दुकानों की बिक्री में गिरावट आ सकती है।
चौक बंद करने के बजाय प्रशासन तलाशे दूसरा विकल्प
व्यापारियों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि बस अड्डा चौक पर यातायात का दबाव कम करने के लिए कोई दूसरा विकल्प तलाशा जाए। उन्होंने कहा कि चौक बंद होने से बाजार में ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित हो रही है, जिसका सीधा असर उनके कारोबार पर पड़ रहा है। व्यापारियों के अनुसार, मार्केट कमेटी यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए प्रशासन को पूरा सहयोग देने के लिए तैयार है, लेकिन चौक बंद करने से व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।
लंबे समय से जाम की समस्या, ट्रैफिक लाइट भी बंद
बस अड्डा चौक पर लंबे समय से जाम की समस्या बनी हुई है। यहां ट्रैफिक लाइट भी काफी समय से बंद पड़ी है। ऐसे में वाहन चालक अपनी मनमर्जी से वाहन निकालते थे, जिससे चौक पर जाम की स्थिति बन जाती थी। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और जाम से राहत दिलाने के लिए यातायात पुलिस ने चौक पर बैरिकेडिंग कर इसे बंद कर दिया था। हालांकि, चौक बंद होने से वाहन चालकों के साथ स्थानीय दुकानदारों को भी परेशानी होने लगी थी।
क्या कहते हैं दुकानदार
त्योहारों पर बस अड्डा चौक का कट खुलने से दुकानदारों को राहत मिली है। कट खुलने से बाजार में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ी है।
- सुरेंद्र मंगला, अध्यक्ष, बस स्टैंड मार्केट कमेटी
बस अड्डा चौक का कट स्थायी रूप से खुला रहना चाहिए। चौक बंद होने से ग्राहकों को परेशानी होती है, जिसका सीधा असर दुकानदारों के कारोबार पर पड़ता है।
- रनवीर सिंह
प्रशासन को ऑटो रिक्शा और रेहड़ियों के लिए उचित स्थान निर्धारित करना चाहिए, ताकि यातायात बाधित न हो और हमारी दुकानदारी भी प्रभावित न हो।
- सुभाष
बाजार में जाम लगने का असर सीधे कारोबार पर पड़ता है। ऑटो रिक्शा और रेहड़ियां सड़क पर खड़ी होने से लोगों को निकलने में परेशानी होती है।
- गोविंद बिंदल
वर्जन
यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए चौक को बंद किया गया था। व्यापारियों की परेशानी को देखते हुए बैरिकेडिंग का एक हिस्सा हटाकर चौक को थोड़ा खोल दिया गया है।
- रविकांत शर्मा, प्रभारी, यातायात थाना