पांच हजार रुपये का इनाम घोषित था
पलवल। एसटीएफ यूनिट पलवल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार में ई-कॉमर्स कंपनियों के ट्रकों से लूट की वारदातों के मास्टरमाइंड और पांच हजार रुपये के इनामी आरोपी अख्तर हुसैन को नूंह जिले से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी बिहार के अररिया जिले में दर्ज एक संगीन मामले में वांछित था।
एसटीएफ यूनिट पलवल प्रभारी अनिल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अख्तर हुसैन निवासी गांव सतपुतियाका, थाना सदर नूंह, अमेजन और फ्लिपकार्ट के कीमती सामान लेकर जाने वाले ट्रकों को निशाना बनाने वाले गिरोह का संचालन करता था। वह ट्रक चालकों की मिलीभगत से वारदात को अंजाम देता था और लूट का सामान अपनी स्कॉर्पियो से ठिकाने लगवाता था। पुलिस के अनुसार आरोपी 10 से 15 वारदातों में शामिल रहा है, जिनमें कुछ मामलों में एफआईआर भी दर्ज नहीं हुई।
आरोपी वर्ष 2023 में फरीदाबाद के सेक्टर-58 थाने में दर्ज ट्रक लूट के मामले में भी करीब तीन वर्षों से फरार चल रहा था, जिस पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित था। गिरफ्तारी के बाद उसे आगे की कार्रवाई के लिए बिहार पुलिस के हवाले कर दिया गया। संवाद