संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। गांव सिहा में रविवार को बलिदानी रामवीर का 27वां बलिदान दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बलिदानी की आत्मा की शांति के लिए यज्ञ का आयोजन किया गया और उपस्थित लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में पूर्व सैनिक कल्याण समिति पलवल और पूर्व सैनिक कल्याण समिति सिहा की ओर से बलिदानी की वीर नारी सुनीता देवी को शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान पूर्व सैनिकों और ग्रामीणों ने बलिदानी रामवीर के देश के प्रति योगदान को याद किया। वीर नारी सुनीता देवी ने कहा कि उनके पति की इच्छा थी कि उनकी बेटियां डॉक्टर बनें। आज उनकी दोनों बेटियां डॉक्टर हैं। एक बेटी स्त्री रोग विशेषज्ञ और दूसरी बाल रोग विशेषज्ञ के रूप में सेवाएं दे रही हैं। उन्होंने कहा कि बेटियों की सफलता से उनके पति की इच्छा पूरी हो गई है।