दहेज में एसयूवी न मिलने पर विवाहिता से सामूहिक दुष्कर्म, दो लाख की नकदी भी मांगी, पति सहित छह के खिलाफ केस
पलवल। दहेज में स्कॉर्पियो और दो लाख की नकदी न मिलने पर विवाहिता के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। विरोध करने पर पीड़िता को हथियार दिखाकर जान से मारने और जिंदा जलाने की धमकी भी दी गई। हथीन थाना पुलिस ने पीड़िता के पिता की शिकायत पर पति सहित छह के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि एक व्यक्ति ने दी शिकायत में कहा है कि उसने बेटी की शादी जिला अलवर (राजस्थान) के एक गांव निवासी एक युवक के साथ 2019 में की थी। लेकिन, शादी के बाद से ससुराल पक्ष के लोग एक स्कॉर्पियो और दो लाख की नकदी की मांग करने लगे। पीड़ित पिता का आरोप है कि उसकी बेटी के साथ परिवार के दो लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। विरोध करने पर पीड़िता को हथियार दिखाकर जान से मारने और जलाने की धमकी दी। उसकी बेटी ने जब इस बारे में पति को बताया तो पति, सास, ससुर, चचिया ससुर, ननद व अन्य परिजनों ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद बेटी बीमार पड़ गई तो उसे गाड़ी से गांव छोड़कर फरार हो गए।