जांच अधिकारी एवं हथीन थाना प्रभारी हरिकिशन ने बताया कि मंझावली निवासी टिंकू ने केस दर्ज कराया है कि उसकी बड़ी बहन पूजा की शादी वर्ष 2014 में पूठली निवासी प्रेमचंद के साथ हुई थी। शादी के दो साल बाद से ही पूजा को शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।
उसके पति प्रेमचंद, सास धर्मवती, बड़ी ननद साधना, जेठ टिंकू, जेठानी सुदेश, देवर राकेश और देवरानी राशि के द्वारा पूजा के ऊपर अत्याचार किया जाता था। हाथ तोड़ने और सिर फोड़ने तक का प्रयास किया गया। इस बारे में बल्लभगढ़ (फरीदाबाद) स्थित महिला थाना में शिकायत भी दी गई थी। तीन बार इस विषय पर पंचायत भी हुई। इसके बावजूद प्रताड़ना जारी रही।
छह सितंबर को पूजा को साजिश के तहत जहर दिया गया। उसकी गर्दन को उसके पति प्रेमचंद ने दबाया और कहा कि "मरती नहीं है।" इसके बाद उसे पलवल अस्पताल ले जाया गया। वहां से नलहड़ नूंह स्थित मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वहां कुछ समय के लिए पूजा को होश आया। उनकी मां एवं भाई ने पुलिस बुलाकर बयान दर्ज कराने के लिए कहा, लेकिन प्रेमचंद ने पुलिस बुलाने से इनकार कर दिया और उनकी मां के साथ दुर्व्यवहार किया गया।
परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष द्वारा दो लाख रुपये और गाड़ी की मांग की जाती थी। नलहड़ मेडिकल कॉलेज से पूजा को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। वहीं, पूजा के ससुराल पक्ष का कहना है कि पूजा ने जहरीला पदार्थ स्वयं निगल लिया और उन पर लगाए गए दहेज के आरोप निराधार हैं। जांच अधिकारी एवं थाना प्रभारी हरिकिशन ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। मृतका का पोस्टमार्टम कराया गया है और जांच जारी है।
संबंधित वीडियो-