पलवल। सात सितंबर को मीनार गेट पर यूजीसी के विरोध में आयोजित धरना-प्रदर्शन के दौरान संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर को लेकर आपत्तिजनक शब्द कहे जाने पर भीम आर्मी ने शुक्रवार को विरोध मार्च निकाला। सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता हाथों में झंडे और तख्तियां लेकर मार्च में शामिल हुए। कार्यकर्ता बाबा साहेब अमर रहें और संविधान जिंदाबाद के नारे लगाते हुए डीसी कार्यालय तक पहुंचे। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने एसपी कार्यालय पहुंचकर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा और मामले में कार्रवाई की मांग की।
भीम आर्मी का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान पृथला के पूर्व विधायक नयनपाल रावत ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर को लेकर अपमानजनक टिप्पणी की थी। संगठन ने आरोपों की जांच कर संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। भीम आर्मी के प्रदेश उपाध्यक्ष नकुल छज्जूनगर ने बताया कि एसपी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पुलिस ने तीन दिन के भीतर एफआईआर दर्ज करने की बात कहीहै। मार्च में भीम आर्मी के जिला प्रभारी नेमचंद कारना, जिला अध्यक्ष गंगाराम मास्टर, जिला सचिव अर्जुन सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।