मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात सामने आई
संवाद न्यूज एजेंसी
तावडू। राजस्थान की राजधानी जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद राजस्थान और हरियाणा पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। धमकी के साथ राजस्थान पुलिस से 40 करोड़ रुपये की मांग किए जाने की सूचना मिलने पर दोनों राज्यों की पुलिस ने कॉल लोकेशन ट्रेस किया। इसके बाद थाना सदर तावडू पुलिस और खोरी कलां चौकी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए खोरी कलां से आरोपी युवक मोनू गुप्ता को हिरासत में लिया।
पुलिस ने बताया कि युवक ने मंगलवार रात राजस्थान पीसीआर जयपुर सिटी को कॉल कर 40 करोड़ रुपये की मांग की थी और रकम नहीं मिलने पर एसएमएस अस्पताल को बम से उड़ाने की धमकी दी थी।
राजस्थान ले जाने की तैयारी में पुलिस
मामले की जांच के दौरान शुरुआती जानकारी और स्थानीय पुलिस सूत्रों के मुताबिक युवक की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं बताई जा रही है। उसकी मां का कहना है कि मोनू मानसिक रूप से बीमार है तथा जयपुर के एक निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। परिवार के अनुसार, बुधवार सुबह करीब सात बजे पुलिस उनके घर पहुंची थी और मोनू को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान उसके दूसरे भाई को भी कुछ समय के लिए पुलिस अपने साथ लेकर गई थी। फिलहाल राजस्थान पुलिस की टीम खोरी कलां पुलिस चौकी में युवक से पूछताछ कर रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए राजस्थान पुलिस आरोपी युवक को आगे की पूछताछ के लिए अपने साथ जयपुर ले जाने की तैयारी में है। वहीं, नूंह पुलिस सूत्रों का भी कहना है कि युवक की मानसिक हालत ठीक नहीं लग रही है, हालांकि पूरे मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।