संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर झिरका। अग्रवाल महासभा ने रविवार रात सिविल लाइन रोड स्थित अग्रसेन वाटिका में महाराजा अग्रसेन का जन्मोत्सव मनाया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। महासभा की कार्यकारिणी ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया। मंत्री ने महाराजा अग्रसेन मंदिर में दीप जलाकर माता महालक्ष्मी का आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन ने अहिंसा और ‘एक ईंट-एक रुपया’ के सिद्धांत से समाज में सहयोग और समानता का संदेश दिया। अग्रवाल समाज देशसेवा और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है। इस दौरान महासभा ने अग्रसेन वाटिका के प्राचीन तालाब का नवीनीकरण, मुख्य द्वार को भव्य बनाने और शहर में महाराजा अग्रसेन के नाम से चौराहा विकसित करने की मांग रखी। मंत्री ने कार्यकारिणी से तीनों कार्यों का एस्टीमेट तैयार कर देने को कहा और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में समाज के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।