पलवल। शहर थाना क्षेत्र के अंतर्गत दो अलग-अलग जगह पर लूट की वारदात को अंजाम देने का मामला सामने आया है। एक मामले में आरोपी युवक के साथ छीना-झपटी कर हजारों रुपये और दूसरे मामले में एक व्यक्ति से स्विफ्ट कार और उसका मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर सोमवार शाम आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि पलवल की शिव विहार कालोनी निवासी कपिल ने शिकायत दर्ज कराई है कि 10 नवंबर की शाम सात बजे वह रसूलपुर मोड़ की तरफ गया था। उसी दौरान तीन युवक शराब के लिए रुपये मांगने लगे। पीड़ित ने उक्त युवकों का विरोध किया तो वे वह छीना-झपटी कर पर्स लूटकर फरार हो गए। पीड़ित के अनुसार पर्स में 6500 रुपये थे। दूसरे मामले में मेहरोली (दिल्ली) निवासी गोविंद शर्मा ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह ओला कंपनी में स्विफ्ट कार चलाता है। 10 नवंबर को पीड़ित वृंदावन से वापस आ रहा था। वो जब आगरा चौक के करीब पहुंचा तो दो युवकों ने आगे खड़ा होकर कार को रुकवाकर उसे गाड़ी से नीचे उतारकर फरार हो गए। पीड़िता का मोबाइल फोन भी कार में ही मौजूद था। पुलिस ने पीड़ितों की शिकायतों के आधार पर बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।