श्री विश्वकर्मा कौशल विद्यालय और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के बीच हुआ समझौता
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय (एसवीएसयू) और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा केंद्र के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) साइन किया गया है। इस एमओयू के तहत एसवीएसयू में एक शिक्षार्थी सहायता केंद्र की स्थापना की जाएगी, जो दूरस्थ शिक्षा से जुड़े विद्यार्थियों को अकादमिक और तकनीकी सहायता प्रदान करेगा।
इस पहल का लाभ उन विद्यार्थियों को मिलेगा जो कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से दूरस्थ और ऑनलाइन मोड में पढ़ाई कर रहे हैं, लेकिन कक्षा में आने के लिए भौगोलिक दिक्कतों का सामना कर रहे हैं। अब वे एसवीएसयू में न केवल कक्षाएं लगा सकेंगे, बल्कि ड्युअल डिग्री प्रोग्राम के तहत एक डिग्री नियमित और दूसरी ऑनलाइन मोड से प्राप्त कर सकेंगे।
एसवीएसयू के कुलपति प्रो. दिनेश कुमार ने इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि कौशल आधारित शिक्षा को जन–जन तक पहुंचाना हमारा लक्ष्य है। यह एमओयू उस दिशा में एक बड़ा कदम है।
उप कुलसचिव चंचल भारद्वाज ने कहा कि यह सहयोग स्थानीय विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा। वहीं, विधि अधिकारी केशव शर्मा ने इसे शिक्षार्थियों के लिए एक सार्थक कदम बताया।
एमओयू का आदान-प्रदान कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा की उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. वीरेंद्र पाल, एसवीएसयू की उप कुलसचिव चंचल भारद्वाज, एसोसिएट डीन डॉ. रवींद्र, और विधि अधिकारी केशव शर्मा मौजूद रहे।