डीएसपी ने ट्राॅले बरामद करने व आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें बनाईं
संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। लघु सचिवालय परिसर से चोरी हुए कंटेनर ट्राॅले के मामले में थाना पुलिस ने माल खाना मोहर्र की शिकायत पर स्थानीय अदालत में प्रेक्टिस करने वाले पुष्पेंद्र वकील के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। वहीं, डीएसपी सुरेश भड़ाना ने चोरी हुए ट्राॅले को बरामद करने व आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित कर जांच के आदेश जारी किए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, माल खाना मोहर्र ईएएसआई मुकेश कुमार ने थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि थाना परिसर में बड़े वाहनों के लिए जगह नहीं होने के कारण बड़े वाहनों को लघु सचिवालय में पुरानी पुलिस चौकी के पास चहारदिवारी के साथ खड़ा किया जाता है। सड़क दुर्घटना के मामले में वर्ष 2016 में तत्कालीन जांच अधिकारी फतेह सिंह द्वारा कब्जे में लिया गया कंटेनर ट्रॉला खड़ा किया हुआ था। इस केस का फैसला 25 फरवरी 2019 को हो गया लेकिन असल मालिक ने इस वाहन की सुपरदारी नहीं करवाई। जब वह लघु सचिवालय में वाहनों के निरीक्षण के लिए पहुंचा तो कंटेनर ट्रॉला गायब मिला। इस दौरान जब लोगों से पूछताछ की तो उन्होंने जानकारी दी कि स्थानीय अदालत में प्रेक्टिस करने वाला वकील पुष्पेंद्र सीमेंट के पाइपों को उतार कर हाइड्रा से खिंचवाकर चोरी कर ले गया। थाना पुलिस ने इस मामले में शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। वहीं, डीएसपी सुरेश भड़ाना ने बताया कि इस मामले में उन्होंने तीन टीमें गठित कर आरोपी की तलाश करने के अलावा चोरी हुए कंटेनर ट्राॅले को बरामद करने के निर्देश दिए हैं।