हथीन। रक्षाबंधन पर महिलाओं के लिए हरियाणा सरकार ने एक बार फिर से तोहफा दिया है। रोडवेज विभाग इस बार भी प्रदेश भर में 36 घंटे तक महिलाओं को निशुल्क सफर की सौगात देगा। इसके लिए रोडवेज के अधिकारियों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। साथ ही चालक-परिचालकों को आदेश दिए हैं कि वह यात्रियों के साथ सहज व्यवहार करें। यात्रियों की सुविधा के लिए रोडवेज अधिकारी बसों के अतिरिक्त फेरे लगवाने का दावा कर रहे हैं। रोडवेज विभाग के अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार रक्षाबंधन के अवसर पर 14 अगस्त दोपहर 12 बजे से 15 अगस्त रात 12 बजे तक महिला यात्रियों को निशुल्क रोडवेज सुविधा दी जाएगी। महिलाओं के साथ छोटे बच्चों का भी टिकट नहीं लगेगा। साथ ही रोडवेज चालक व परिचालकों को स्पष्ट कर दिया है कि वह त्योहार के मौके पर सभी महिलाओं को गंतव्य तक पहुंचाने में सुचारू रूप से सुविधा दें, ताकि किसी को भी कोई परेशानी का सामना न करना पड़े। पलवल रोडवेज के जीएम लाजपत राय ने बताया कि रक्षाबंधन पर हर बार की तरह इस बार भी महिलाओं को फ्री यात्रा की सुविधा दी जाएगी। इसके लिए तैयारियां की जा रहीं हैं। अब देखना ये है कि क्या निजी बसों में भी यह सुविधा दी जाएगी।