राजकीय महाविद्यालय में लैक्चारों की कमी को लेकर एनएसयूआई के नेतृत्व में छात्रों ने सोमवार महाविद्यालय के गेट पर धरना प्रदर्शन किया। इस अवसर पर छात्रों ने प्रदेश सरकार व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
छात्रों का कहना था कि महाविद्यालय में पिछले काफी समय से लैक्चारों की कमी चल रही है। जिसके कारण उनकी पढाई प्रभावित हो रही है। छात्रों ने बताया कि इससे पहले भी वह इस मामले को लेकर एसडीएम प्रताप सिंह तथा तहसीलदार डा. चिनार चहल को ज्ञापन सौंप चुके हैं लेकिन समस्या का कोई समाधान नहीं हो सका है।
छात्रों ने बताया कि महाविद्यालय में 900 से अधिक छात्र छात्राएं शिक्षा ग्रहण कर रही हैं। उनकी पढाई के लिए मात्र छह लैक्चारों की नियुक्ति की गई है, जबकि महाविद्यालय के लैक्चारों के 22 पद पिछले काफी समय से रिक्त पडे हुए हैं।
छात्रों ने महाविद्यालय में व्याप्त समस्याओं से प्राचार्य एम के गुप्ता को भी अवगत कराया और यहां व्याप्त समस्याओं का शीघ्र ही समाधान कराए जाने की मांग रखी। प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस कमेटी अनुसूचित विभाग के प्रदेश संयोजक देवेश कुमार, सुजीत कुमार, जीतू, वैभव, रामपाल, राजकुमार, आरती, मोहित, देवेंद्र, बिक्रम, सोनू, सचिन व संजय सहित सैंकडों छात्र मौजूद रहे।