संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। थाना उटावड़ क्षेत्र के गांव मलाई में बुधवार देर शाम तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से एक मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतक के बेटे की शिकायत पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उटावड़ थाना प्रभारी दिनेश कुमार के अनुसार उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के गांव जावन निवासी नीरज अहिरवार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह वर्तमान में गांव मलाई में रहकर अपने पिता हरी के साथ चिनाई का काम करता है। बुधवार देर शाम करीब 7:30 बजे दोनों अपने कमरे से बस स्टैंड की ओर पैदल सामान लेने जा रहे थे। हमीदा पार्किंग के सामने पहुंचे ही थे कि सामने से तेज गति से आए अज्ञात वाहन ने उसके पिता को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में हरी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
शिकायतकर्ता के अनुसार हादसे के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया। थाना उटावड़ पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है और शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।