पलवल। गन्ने की कीमत 600 रुपये प्रति क्विंटल करने और पलवल शुगर मिल को 25 अक्टूबर तक चालू कराने समेत विभिन्न मांगों को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से 22 सितंबर को शुगर मिल परिसर में किसान पंचायत आयोजित की जाएगी। पंचायत की तैयारियों को लेकर किसान नेताओं ने शुक्रवार को कई गांवों में जनसंपर्क किया और किसानों से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की। किसान नेताओं ने अलावलपुर, बढ़राम, चिरवाड़ी, सुजवाड़ी, घुघेरा, धतीर, स्यारोली, मंडकोला, घोड़ी और चांदहट में किसानों से संपर्क किया। इसके बाद किसान नेताओं महेंद्र सिंह चौहान, धर्मचंद घुधेरा, रूपराम तेवतिया और राजकुमार ओलियान ने कहा कि खेती की बढ़ती लागत और चीनी की कीमतों में हुई वृद्धि के मुकाबले गन्ने का भाव कम है। मोर्चा ने गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने, शुगर मिल को 25 अक्टूबर तक चलाने, प्रबंध निदेशक मंडल के चुनाव कराने और मिल की सामान्य वार्षिक बैठक आयोजित कराने की मांग की है। इसके अलावा मिल परिसर में किसानों के लिए खाद, गन्ने का बीज और कीटनाशक उपलब्ध कराने तथा ठहरने की उचित व्यवस्था करने की मांग भी रखी गई है। किसान नेताओं ने कहा कि मांगों का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।