शादी समारोह से लौट रहा था मृतक, पुलिस ने 12 नामजद सहित 20 के खिलाफ किया मुकदमा दर्ज
पुरानी रंजिश बताया जा रहा हत्या का कारण, फेरी लगाकर परिवार का गुजारा करता था मृतक
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे बाइक सवार युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोपियों ने अपनी कार में युवक का अपहरण किया और उसके बाद उसे खेतों में लेजाकर उसपर लाठी, डंडों, कांच की बोतल व कुल्हाड़ी से वार किए। उसके बाद आरोपियों ने परिजनों के पास फोन कर हत्या करने की जानकारी दी। हत्या का कारण पुरानी रंजिश बताई गई है। सदर थाना पुलिस ने मृतक के चाचा की शिकायत पर 12 नामजद सहित करीब 20 के खिलाफ अपहरण कर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। शनिवार को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। अभी तक पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है।
सदर थाना प्रभारी मलखान सिंह के अनुसार गांव घुघेरा का नंगला निवासी राकेश ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि उसका भतीजा जोगिंद्र 16 फरवरी शुक्रवार को गांव गेलपुर स्थित रिश्तेदारी में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के लिए गया था। देर शाम जोगिंद्र अपनी बाइक से वापस घर लौट रहा था। गांव गेलपुर के अड्डे पर गांव गेलपुर निवासी कृष्ण, विष्णु, पवन, रोहित, मोहित, अजीत, बॉबी, कर्नल, आजाद, भारत, कैराका निवासी सुल्ले, गांव बहरौला निवासी ललित व आठ-10 अन्य युवकों ने उसे घेर लिया और हथियार दिखा अपनी गाड़ी में डालकर कैराका के जंगल में ले गए। जंगल में लेजाकर आरोपियों ने जोगिंद्र को लाठी-डंडों, सरिया, धारदार हथियार, कांच की बोतलों से बेरहमी से पीटा। मरा हुआ समझकर आरोपी विष्णु ने गांव घुघेरा निवासी सतवीर के पास फोन किया कि जोगिंद्र को जान से मार दिया, इसे कैराका के जंगल से उठाकर ले जाओ। सूचना मिलते ही वे तुरंत मौके पर पहुंचे और जोगिंद्र को ढूंढने का प्रयास किया। जोगिंद्र उन्हें बेहोशी की हालत में मिला। पलवल के नागरिक अस्पताल ले जाते समय जोगिंद्र ने उन्हें उक्त आरोपियों के नाम बताए।
पलवल के सरकारी अस्पताल में जोगिंद्र का प्राथमिक उपचार किया गया, जहां दोनों पैर और शरीर की अन्य हड्डियां टूटी मिलीं। पैरों में कांच लगे हुए थे। गंभीर हालत को देखते हुए जोगिंद्र को दिल्ली रेफर कर दिया, जहां ले जाने पर उसने दम तोड़ दिया। आरोप है कि उक्त आरोपियों के साथ जोगिंद्र का पहले झगड़ा हो गया था, जिसकी रंजिश में उन्होंने जोगिंद्र की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
फेरी लगाकर परिवार का करता था गुजारा
परिजनों ने बताया कि मृतक जोगिंद्र के दो बेटे व दो बेटी हैं। वह गांवों में बाइक पर फेरी लगाकर बेड के गद्दे बेचकर जैसे-तैसे अपने परिवार का लालन-पालन कर रहा था। जोगिंद्र के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों का कहना है कि मामूली कहासुनी होने पर आरोपियों ने इतनी बेरहमी से पीट-पीट कर मार डाला। आरोपियों को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए।