संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। खंड हथीन में सोमवार को खंड स्तरीय रोल प्ले एवं लोकनृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी ओमपाल तेवतिया ने दीप जलाकर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रिंसिपल सत्यवीर सिंह ने की। खंड नोडल अधिकारी रविंद्र दीक्षित ने बताया कि रोल प्ले प्रतियोगिता में कस्तूरबा गांधी विद्यालय बुराका की छात्राओं ने प्रथम स्थान हासिल किया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हथीन दूसरे और पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मंडकौला तीसरे स्थान पर रहे। लोकनृत्य में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हथीन की छात्राओं ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गहलब दूसरे और कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय बुराका तीसरे स्थान पर रहे। खंड शिक्षा अधिकारी ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई दी। खंड नोडल अधिकारी ने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता चार नवंबर को राजकीय उच्च विद्यालय पलवल कैंप में होगी।