संवाद न्यूज एजेंसी
पिनगवां। अमर उजाला में 19 सितंबर को प्रकाशित खबर के बाद प्रशासन हरकत में आया। बुधवार को भाजपा पार्षद फजरूद्दीन और सिंचाई विभाग के जेई मुबारिक खान ने ऐंचवाड़ी, गोकलपुर और नीमखेड़ा के जलभराव प्रभावित खेतों का निरीक्षण किया। पिनगवां क्षेत्र में 200 एकड़ से अधिक भूमि जलमग्न है। किसानों के अनुसार, कई खेतों में तीन से पांच फीट पानी जमा है, जिससे ज्वार-बाजरे की फसल खराब हो चुकी है। अब गेहूं, सरसों और जौ की रबी फसलों की बोआई प्रभावित होने की चिंता है। किसानों ने तत्काल पानी निकासी और स्थायी समाधान की मांग की। जेई ने रिपोर्ट भेजकर जल्द जलनिकासी के प्रयास का आश्वासन दिया।