संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। सोमवार देर रात पलवल में तेज गर्जना और कड़क बिजली के साथ अचानक बारिश शुरू हो गई। लगभग चार घंटे की बारिश ने मौसम को तो ठंडा कर दिया, लेकिन कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। शहर के कुछ मोहल्लों में रात भर अंधेरा छाया रहा।
वहीं, मंगलवार की सुबह बारिश कुछ देर को थमी रही, लेकिन लगभग 11 बजे के आसपास एक बार फिर से बादलों ने जोर पकड़ा और तेज बारिश शुरू हो गई। दिनभर रुक-रुक कर तेज बारिश का सिलसिला चलता रहा। बारिश के कारण जहां आम लोगों को राहत मिली। वहीं, कुछ निम्न इलाकों में जलभराव की शिकायतें भी सामने आई हैं। शहर के नई अनाज मंडी चौक, बस स्टैंड रोड, सोहना रोड, गीता कॉलोनी, राजीव कॉलोनी, किठवाड़ी चौक, पुरानी जीटी रोड जैसे क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बनी रही। पानी निकासी न होने से लोगों का पैदल चलना तक मुश्किल हो गया। नगर परिषद की टीमें जल निकासी में जुटी रहीं। स्थानीय निवासी विकास गुप्ता ने बताया कि रात में बिजली चमकने और बारिश के बाद लाइट चली गई थी, जो सुबह तक नहीं आई। बुजुर्गों और बच्चों को काफी दिक्कत हुई। बारिश के बाद शहर में हरियाली निखर आई और मौसम एकदम सुहावना हो गया। सड़कों पर टहलते लोग और चाय की दुकानों पर भीड़ दिखी। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों तक मध्यम बारिश की संभावना जताई है।
गिरा पारा, साफ हुई शहर की हवा
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को तापमान में लगभग 7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, बीते दिन की तुलना में मंगलवार को तापमान में 7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 24.5 डिगी सेल्सियस रहा। हवा की गति उत्तर दिशा से करीब 6 किमी प्रति घंटा रही। दृश्यता 9 किलोमीटर तक रही। वायु गुणवत्ता सूचकांक 90 रहा, जो संतोषजनक श्रेणी में आता है।
ट्रैफिक जाम और आवागमन बाधित
लगातार बारिश और जलभराव के चलते पलवल से फरीदाबाद, होडल और बदरपुर बॉर्डर की ओर जाने वाले मार्गों पर लंबा जाम लग गया। फरीदाबाद और दिल्ली की ओर नौकरी करने वाले सैकड़ों लोग समय पर अपने कार्यस्थल नहीं पहुंच सके। वहीं, पलवल शहर के भीतर चलने वाले ऑटो-रिक्शा, स्कूल वैन और निजी वाहन भी घंटों फंसे रहे। स्थानीय निवासी राहुल चौधरी ने बताया कि हर रोज की तुलना में आज दो घंटे देर से ऑफिस पहुंचा। बाईपास और बस स्टैंड रोड पर गाड़ियों की लंबी कतारें लगी रहीं।