संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष व अखिल भारतीय व्यापार मंडल के राष्ट्रीय मुख्य महासचिव बजरंग दास गर्ग का शुक्रवार को पलवल आगमन पर व्यापारी प्रतिनिधियों द्वारा स्वागत किया गया। बजरंग दास गर्ग ने इस अवसर पर कहा कि व्यापारियों की समस्याओं को दूर कराने का हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। व्यापारियों को ज्यादा से ज्यादा व्यापार मंडल से जोड़ने के लिए पूरे प्रदेश में मंडल की टीम द्वारा जन जागरण अभियान चलाया जा रहा है। आज हरियाणा प्रदेश का छोटा व्यापारी पहले तो मंदी की मार और अब ऑनलाइन की मार से जूझ रहा है। ऊपर से भ्रष्ट अधिकारियों व सरकार की गलत नीतियों के कारण गांव स्तर पर लघु उद्योग व व्यापार काफी हद तक बंद हो गए है।
बजरंग दास गर्ग ने कहा कि केंद्र सरकार ने हाल ही में नया कानून बनाकर जीएसटी को मनी लांड्रिंग रोकथाम कानून में लाकर जीएसटी का एक्सेस ईडी को दे दिया है, जिससे व्यापारियों में भय का माहौल है। व्यापारियों द्वारा हर प्रकार का टैक्स देने के बावजूद सरकार द्वारा जीएसटी का एक्सेस ईडी को देना उचित नहीं है। इसका दुष्प्रभाव पड़ेगा कि व्यापारी व्यापार को बढ़ाने से डरेगा और बेरोजगार युवा व्यापार में आने से डरेगा। सरकार को चाहिए की बेरोजगारी कम करने के लिए बेरोजगार युवाओं को व्यापार व उद्योग में लाने के लिए प्रेरित करें। बजरंग गर्ग ने कहा कि सरकार ने उद्योगों के माध्यम से प्रदेश के युवाओं को 75 प्रतिशत नौकरी देने का वादा किया था, वह भी एक जुमला सिद्ध होकर रह गया।
इस मौके पर हरियाणा प्रदेश व्यापार मण्डल के प्रदेश संगठन मंत्री प्रवीण गर्ग, शहरी प्रधान विनोद जैन, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दिनेश वर्मा, गगन बंसल, शहरी कोषाध्यक्ष सतीश सिंगला, प्रदेश उपप्रधान ललित बंसल, प्रदेश सचिव राजेंद्र बंसल हिसार आदि व्यापारी प्रतिनिधि मौजूद रहे।