संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। सदर थाना क्षेत्र के
गांव दीघोट निवासी 55 वर्षीय रमेश की ऑटो से गिरकर घायल होने के बाद जिला नागरिक अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। वह मंगलवार सुबह अपने गांव से ऑटो में सवार होकर पलवल मंडी में सामान खरीदने के लिए आ रहे थे। हादसे के बाद परिवार में शोक का माहौल है। मृतक के भतीजे विजेंद्र ने बताया कि रमेश पुत्र गिर्राज गांव दीघोट में किराना की दुकान चलाते थे। मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे वह सामान खरीदने के लिए ऑटो से पलवल मंडी जा रहे थे। धौला मोड़ के पास अचानक वह ऑटो से नीचे गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद उन्हें जिला नागरिक अस्पताल पलवल में भर्ती कराया गया। यहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।