संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. दिनेश कुमार ने श्री विश्वकर्मा कौशल विद्यालय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई का उद्घाटन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्र सेवा, अनुशासन और कौशल विकास के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने घोषणा की कि हर पांच साल में विद्यालय के विद्यार्थियों को देश भ्रमण कराया जाएगा, ताकि वे देश की संस्कृति को समझ सकें। विद्यालय को 100 स्वयंसेवकों की एनएसएस इकाई संचालित करने की अनुमति मिली है। इस अवसर पर एक दिवसीय शिविर भी लगाया गया। प्रधानाचार्य सतेन्द्र सौरोत ने विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में भागीदारी के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम अधिकारी सविता तेवतिया के नेतृत्व में स्वयंसेवकों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए परिसर में त्रिवेणी का पौधारोपण किया।