गांव बंचारी में अवैध प्लाटिंग को गिराती जेसीबी
- फोटो : अमर उजाला
नगर योजनाकार विभाग ने होडल खंड के गांव बंचारी में अवैध कॉलोनियों पर पीला पंजा चलाया। होडल के नायब तहसीलदार की अगुवाई में तीन स्थानों पर 29 एकड़ में काटी जा रही अवैध कॉलोनी के लिए खोदी गई सड़कों, डीपीसी व खंभों को हटा दिया।
जिला नगर योजनाकार अधिकारी रेणुका चौधरी के अनुसार विभाग को गांव बंचारी में अवैध प्लॉटिंग की शिकायत मिली थी। जिस पर कार्रवाई करते हुए विभाग ने मंगलवार को मौके पर जेसीबी मशीनों के साथ अवैध प्लॉटिंग को गिरा दिया। तोड़फोड़ की कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार संजीव नागर बतौर ड्यूटी मजिस्ट्रेट मौके पर मौजूद रहे, तथा पुलिस बल भी तैनात रहा।
डीटीपी रेणुका चौधरी का कहना है कि जिले में किसी को भी अवैध कॉलोनियां काटने की इजाजत नहीं दी जाएगी। जहां कहीं भी शिकायत मिलेगी वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी तथा कानूनी कार्रवाई करते हुए एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे भी कॉलोनाईजरों के दिखाए सब्जबागों में ना आएं तथा अपनी पूंजी को नियमित कॉलोनियों में ही लगाएं।