01पीएएलपी12- पुलिस की गिरफ्त में अवैध हथियार तस्कर।
तीन तस्कर काबू, पांच तमंचा व सात जिंदा कारतूस बरामद
पपला के साथी जसराम को हथियार सप्लाई करने का दावा
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। राजस्थान पुलिस के कुख्यात गैंगस्टर पपला गुर्जर गैंग के लिए हथियार सप्लाई करने वाले तीन तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दावा किया है कि पपला गुर्जर के अनुपस्थिति में गैंग चलाने वाले उसके साथी जसराम को आरोपी अवैध हथियार सप्लाई करने का काम करते थे। पुलिस ने तस्करों से पांच देसी कट्टा व सात जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। हथियार सप्लाई करने वाले मुख्य आरोपी नरेंद्र पर राजस्थान व अन्य स्थानों पर मारपीट, लूट व अवैध हथियार तस्करी के आठ मुकदमे दर्ज पाए गए हैं। आरोपियों को पुलिस ने 29 मई को डिटेक्टिव शाखा प्रभारी हनीश खान द्वारा गिरफ्तार कर दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया था। रिमांड के दौरान आरोपियों ने पपला गुर्जर के गैंग को हथियार सप्लाई करने की बात का खुलासा किया है।
डीएसपी मुख्यालय साकिर हुसैन के अनुसार, डिटेक्टिव स्टाफ प्रभारी हनीश खान ने गुप्त सूचना पर अपनी टीम के साथ हथीन उपमंडल में टोंका नहर के पुल पर नाकाबंदी कर एक बाइक पर सवार तीन युवकों को जांच के लिए रोका। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम, पता राजस्थान के जिला अलवर के जैनपुर बांस निवासी नरेंद्र, अलवर के ही गांव खरथल मंडी निवासी मोनू व गुती निवासी मंजीत उर्फ ऋषि बताए। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से तीन देसी कट्टा व सात जिंदा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे इन हथियारों को राजस्थान के भंडियारा गांव से लेकर आए हैं, जिन्हें डिमांड पर सप्लाई करना था। आरोपियों के खिलाफ उटावड़ थाना पुलिस ने आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अदालत में पेश कर दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान आरोपियों से दो देसी कट्टा और बरामद किए हैं। रिमांड के दौरान आरोपी नरेंद्र ने खुलासा किया कि वे हथियार राजस्थान के कुख्यात गैंगस्टर विक्रम उर्फ पपला गुर्जर गैंग व उसके साथी जसराम को सप्लाई करता था।
डीएसपी साकिर हुसैन ने बताया कि कुख्यात बदमाश पपला गुर्जर पर राजस्थान व हरियाणा के विभिन्न थानों में 17 संगीन मुकदमे दर्ज हैं। साल 2019 में उसके साथी एक 47 बंदूक से बहरोड थाने पर फायरिंग कर पपला गुर्जर को लॉक अप से छुड़ा ले गए थे, जिसके बाद पपला का नाम चर्चा में आ गया। बीते साल राजस्थान पुलिस ने पपला गुर्जर को गिरफ्तार जेल भेज दिया। पपला के बाद गैंग को उसका साथी जसराम संचालित कर रहा है। नरेंद्र ने दावा किया है कि वह जसराम को अवैध हथियार सप्लाई करता है, जिससे वे आपराधिक वारदातों को अंजाम देते हैं। नरेंद्र पर भी विभिन्न थानों मे आठ मुकदमे दर्ज हैं। अन्य दो युवकों पर भी दर्ज मुकदमों की जानकारी जुटाई जा रही है। तस्करों के साथ काम करने वाले गिरोह के सदस्यों का जल्द ही खुलासा किया जाएगा।