संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। गांव बामनीखेड़ा में बिजली व पानी की किल्लत के चलते शनिवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने एकत्रित कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों ने बताया कि करीब 20 दिन से बिजली की समस्या बनी हुई है। कई बार बिजली निगम के अधिकारियों से शिकायत की गई, परंतु समस्या का कोई समाधान नहीं हो पा रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि वे जल्द ही विधायक व बिजली के अधीक्षण अभियंता से मामले की शिकायत करेंगे।
गांव बामनीखेड़ा निवासी दिनेश बाल्मीकि, जयदेव, सुभाष, शकुंतला ने बताया कि उनके मोहल्ले में पिछले 20 दिनों से बिजली की किल्लत बनी हुई। बिजली न आने से पानी की सप्लाई ठप पड़ी रहती है। इस भीषण गर्मी में बिजली न आने से रातें काटनी भारी पड़ रही है। मच्छरों के प्रकोप के बीमारियों फैलने का खतरा पैदा हो रहा है। बिजली न आने से बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। इसके अलावा हलक सुखा देने वाली गर्मी में पानी की पूर्ति करना भारी हो रहा है। पानी न आने से पशु प्यासे खड़े रहते हैं। पीने के लिए तो टैंकर मंगाकर पानी की पूर्ति कर लेते हैं, परंतु पशुओं के लिए पानी की पूर्ति नहीं हो पा रही है।
लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार बिजली निगम के कार्यालय में लिखित में शिकायत की है, परंतु कोई सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने एसडीओ व एक्सईएन से समस्या को लेकर शिकायत की है, परंतु कोई कार्रवाई नहीं हो पा रही है। वे जल्द ही एकत्रित होकर बिजली निगम के अधीक्षण अभियंता से मुलाकात करेंगे। फिर भी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो सड़क को जाम किया जाएगा।
मेरे संज्ञान में यह मामला नहीं है। मैं संबंधित अधिकारी से मामले की जानकारी लूंगा। जल्द ही समस्या का समाधान का दिया जाएगा।
- जोगेंद्र हुडा,
अधीक्षण अभियंता, बिजली निगम