पलवल। विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही चुनाव लड़ने के लिए इच्छुक लोग टिकट लेने के लिए राजनीतिक दलों पर दबाव बनाने के लिए जगह-जगह जनसभा कर रहे हैं। अब बैसलात के बड़े गांव बडौली में रविवार को पूर्व विधायक सुभाष चौधरी ने गुर्जर समाज की पंचायत का आयोजन कर आगामी विधानसभा चुनाव पर लोगों की राय जानी। पंचायत में निर्णय लिया गया कि यदि भारतीय जनता पार्टी सुभाष चौधरी को टिकट नहीं देती है तो गुर्जर समाज भाजपा के प्रत्याशी का विरोध करेगा। पंचायत की अध्यक्षता सूबेदार देवकरन कारना ने की।
पंचायत में वक्ताओं ने कहा कि सुभाष चौधरी समाज के सुख-दुख में सबसे आगे रहते हैं। उन्होंने पहले भी विधायक रहते हुए समाज हित के लिए कार्य किया है। चौधरी क्षेत्र के दबंग नेता के तौर पर जाने जाते हैं, जिन्होंने चार बार विधायक रहे करण सिंह दलाल को हराया था तथा अब भी केवल वे ही चुनाव जीत सकते हैं। इस अवसर पर सुभाष चौधरी ने कहा कि यदि भाजपा उन्हें टिकट देती है तो वे जीत हासिल कर पार्टी को मजबूत करने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि उन्होंने पहले भी करण सिंह दलाल के जुल्मों से पलवल जिले को बचाया था और किसी में दलाल का सामना करने की हिम्मत नहीं है। यदि जनता ने उन्हें मौका दिया तो आगे भी वह जनता के हितों के लिए कार्य करेंगे। इस अवसर पर लोगों ने कहा कि पूरा समाज उनके साथ है तथा उनको जिताने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। भाजपा आज देश की सबसे बड़ी पार्टी है। कोई दमदार प्रत्याशी ही भाजपा की टिकट पर चुनाव जीत सकता है।
पंचायत में जीतपाल, साहब राम, सत्ते, मास्टर जयराज, बाबू, जयपाल थानेदार, प्रकाश चेयरमैन, प्रमोद मावी, अनिल नागर, ओमप्रकाश शास्त्री, मयंक भड़ाना, ज्ञानी मावी, चंदर सैलोटी, प्रताप भड़ाना, बीरसिंह मंडोरी, रामेश्वर लुलवाड़ी, धारा, प्रकाश, संतराम, जयचंद सिया, सहजा रींडका, गिर्राज, रामकिशन ने भी विचार व्यक्त किए।