पत्नी पर जानलेवा हमला करने वाले के खिलाफ केस
पलवल (संवाद)। शमशाबाद कालोनी में रविवार कको पत्नी की गर्दन व हाथों पर तेज धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने के आरोप में कैंप थाना पुलिस ने पीड़िता की मां की शिकायत पर आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस जांच अधिकारी रामजीवन ने बताया कि मथुरा (यूपी) जिले की जहाज पट्टी निवासी रेशम ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसने अपनी बेटी बीरो की शादी 15 वर्ष पूर्व बुद्ध बाजार नांगलोई (दिल्ली) निवासी शंभूनाथ के साथ की थी। पीड़िता की बेटी को दो बच्चे है और पति शंभूनाथ से तलाक का केस चल रहा है। वह शमशाबाद कालोनी में किराए पर रहती है। रविवार की दोपहर तीन बजे शंभूनाथ घर पर आया और बीरो के साथ मारपीट करने लगा। इसी दौरान शंभूनाथ ने तेज धारदार हथियार से बीरो की गर्दन व दोनों हाथों पर हमला कर दिया और धमकी देते हुए फरार हो गया। पीड़िता ने पड़ोसियों की मदद से अपनी बेटी को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में दाखिल कराया। जहां चिकित्सकों ने गंभीर हालात देखते हुए हाई सेंटर के लिए रेफर कर दिया।
छह वर्षीय बच्चे से कुकर्म
पलवल (संवाद)। गली में खेल रहे छह वर्षीय बच्चे को टॉफी दिलाने के बहाने घर ले जाकर कुकर्म करने का मामला प्रकाश में आया है। सदर थाना पुलिस ने पीड़ित बच्चे के पिता की शिकायत पर नामजद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस जांच अधिकारी दुर्गा प्रसाद ने बताया कि एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसका छह वर्षीय बच्चा 9 फरवरी की शाम करीब 4 बजे गली में खेल रहा था। उसी दौरान दीपक नामक युवक बच्चे को टॉफी दिलाने के बहाने अपने घर ले गया और उसके साथ कुकर्म किया। बच्चे ने घर आकर पीड़ित को इस बारे में बताया। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।