पलवल। शहर थाना क्षेत्र में एक महिला द्वारा अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति से मारपीट करने व जान से मारने की धमकी देने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर पत्नी सहित तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस जांच अधिकारी कृष्ण कुमार के अनुसार निजी विद्यालय में कार्यरत व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसकी पत्नी के अवैध संबंध गांव मांडन जिला अलवर (राजस्थान) निवासी मंजीत के साथ हैं। पत्नी को कई बार मंजीत से बात करते हुए पकड़ चुका है। मार्च 2021 को पीड़ित, मंजीत के भाई प्रेमजीत से शिकायत करने पहुंचा तो उसने भी जान से मारने की धमकी दी। गत 23 जून की रात पीड़ित की पत्नी उसे दूसरे कमरे में सोने की बात कहकर ले गई। पीड़ित कमरे में लेटने लगा तभी मंजीत वहां आ गया और दोनों ने मिलकर पीड़ित का कपड़े से गला दबा दिया और मारपीट की। पीड़ित ने जैसे-तैसे खुद को छुड़ाया और शोर मचाया। तभी आरोपी मंजीत मेन गेट की दीवार फांदकर फरार हो गया।