संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। गांव भोलडा में खेतों पर लगे ट्यूबवेल पर पानी लेने गए किसान के साथ मारपीट की गई। गर्भवती पत्नी ने बचाया तो उसके साथ भी जमकर मारपीट की, जिससे उसका गर्भपात हो गया। चांदहट थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर 15 नामजद सहित करीब 20 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। अभी तक पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है। डीएसपी दिनेश यादव के अनुसार गांव भोलडा निवासी अशोक ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह अपने परिजनों के साथ खेतों पर काम कर रहा था। प्यास लगने पर पास के खेत में लगे ट्यूबवेल पर पानी लेने गया तो गांव निवासी संजू ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उसने अपने परिजनों को फोन करके बुला लिया और मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान उसकी पत्नी ने बचाया तो उसके साथ भी मारपीट की गई। मारपीट में लगी चोटों के कारण उसके पेट में पल रहे बच्चे की मौत हो गई। विरोध करने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर गांव भोलडा निवासी हरीश, संजू, सोनू, राजेश, अजीत, सुनील, करण, चेतराम, सतीश, जसवीर, टिंकू, विजेंद्र, रिनू, शंकर, रोहित सहित करीब 20 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।