संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। लक्ष्मी नारायण मंदिर में महिलाओं से कथित छेड़छाड़, श्रद्धालुओं के साथ मारपीट और नकदी व जरूरी कागजात ले जाने के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर पंजाबी समाज के सैकड़ों लोगों ने बुधवार को होडल के उप पुलिस अधीक्षक सुरेश भडाणा से मुलाकात की। समाज के लोगों ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। शिकायतकर्ता रूपा प्रधान के अनुसार, 24 अगस्त की रात करीब 9:30 बजे लक्ष्मी नारायण मंदिर में भोले की झांकी का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान कर्ण, मोंटी, जग्गो, बिहारी और गोरे निवासी होडल अपने 5-6 अन्य साथियों के साथ मंदिर में पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने वहां मौजूद महिलाओं के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। श्रद्धालुओं के विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की। वहीं डीएसपी सुरेश भडाणा का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सीआईए स्टाफ और होडल थाना पुलिस लगातार दबिश दे रही है।