- टीजीटी के लिए 6182 व पीआरटी के लिए 2724 परीक्षार्थियों ने दी परीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। जिले में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी द्वारा आयोजित अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) गुरुवार को शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न हुई। परीक्षा दो सत्रों में आयोजित की गई। सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक लेवल-2 टीजीटी और दोपहर 3 बजे से शाम 5:30 बजे तक लेवल-1 पीआरटी की परीक्षा हुई। टीजीटी लेवल-2 के लिए 7,322 में से 6,182 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 1,140 अनुपस्थित रहे। वहीं, पीआरटी लेवल-1 के लिए 3,402 में से 2,724 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए और 678 अनुपस्थित रहे।
सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए हर परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे, जैमर और महिला व पुरुष पुलिस बल की तैनाती की गई थी। परीक्षार्थियों को कड़ी जांच प्रक्रिया के बाद ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया। इसके अलावा, परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित फोटोस्टेट व अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की दुकानों को बंद कराया गया। उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बताया कि एचटेट परीक्षा के सुचारू आयोजन के लिए जिले में कुल 27 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। बुधवार को आयोजित पीजीटी लेवल-3 परीक्षा में 3582 में से 2963 परीक्षार्थियों ने भाग लिया था, जबकि 619 अनुपस्थित रहे।