संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। शहर में नेशनल हाईवे और उससे सटी सर्विस लेन पर बेतरतीब खड़े वाहनों से आमजन को हो रही परेशानी जल्द कम हो सकती है। जिला प्रशासन ने अब इस समस्या के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने चेतावनी दी है कि जो वाहन चालक हाईवे या सर्विस लेन पर ट्रक, बस या अन्य वाहन खड़े करते पाए जाएंगे, उनके खिलाफ चालान के साथ-साथ वाहन जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।
सर्विस लाइन पर खड़े भारी वाहनों की वजह से न सिर्फ ट्रैफिक जाम लगता है, बल्कि सफाई व्यवस्था भी प्रभावित होती है, जिससे स्थानीय लोगों को खासी परेशानी होती है। डॉ. वशिष्ठ ने कहा कि जिनके पास बड़े वाहन हैं, उनके लिए अगवानपुर सेक्टर-21 में ट्रांसपोर्ट नगर की सुविधा मौजूद है। यहां बसों और ट्रकों समेत बड़े वाहनों की पार्किंग के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे सड़क किनारे पार्किंग करने की बजाय ट्रांसपोर्ट नगर का इस्तेमाल करें। प्रशासन का कहना है कि शहर की मुख्य सड़कों और हाईवे पर अवैध पार्किंग जाम की सबसे बड़ी वजह बन चुकी है। यही नहीं, इन वाहनों के चलते राहगीरों और स्थानीय दुकानदारों को भी भारी असुविधा झेलनी पड़ती है।
ट्रांसपोर्ट नगर बना समाधान
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि अगवानपुर ट्रांसपोर्ट नगर में बस, ट्रक और अन्य वाणिज्यिक वाहनों की पार्किंग के लिए पर्याप्त स्थान है। ऐसे में अब यह तर्क नहीं चलेगा कि पार्किंग की जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि फिर भी कोई सड़क किनारे वाहन खड़ा करता है, तो उसे कार्रवाई के लिए तैयार रहना चाहिए। प्रशासन द्वारा जल्द ही एक जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा, जिससे लोग स्वयं पार्किंग के नियमों का पालन करें और शहर को जाममुक्त रखने में प्रशासन की मदद करें।