पलवल। पलवल-नूंह रोड पर गांव महेशपुर के समीप एक बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई, जिसमें मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान कैलाश नगर निवासी नरेंद्र और संदीप के रूप में हुई है। पुलिस को उनके पास से दो तमंचा और जिंदा कारतूस मिले हैं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पलवल के सिविल अस्पताल भिजवा दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सदर थाना प्रभारी सुमन कुमार के अनुसार, कैलाश नगर निवासी कमल सिंह ने दी शिकायत में बताया कि उसका भाई संदीप अपने साथी नरेंद्र के साथ किसी काम से बाइक से कहीं गया था। जिनकी बाइक पलवल के गांव महेशपुर के समीप बुधवार की सुबह अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई कर शवों को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों सौंप दिया है। पुलिस का कहना है कि उनके पास से एक काले रंग का बैग बरामद हुआ है, जिसमें से दो तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं।
नूंह रोड पर गांव महेशपुर के समीप बाइक सवार दो युवकों की मौत के मामले में पुलिस ने लूट का मामला दर्ज किया है। मृतकों के पास से अवैध हथियार बरामद हुए है, जिस पर मामले की जांच कर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी सुमन कुमार ने बताया कि गांव धतीर निवासी कमल सिंह ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह बल्लभगढ़ के सेक्टर-58 स्थित ईसीईएल कंपनी में नौकरी करता है। मंगलवार की रात को पीड़ित घर से बाइक पर सवार होकर अपनी ड्यूटी पर जा रहा था।
रात करीब साढ़े 11 बजे पीड़ित जब दूधौला रोड स्थित जेलदार पेट्रोल पंप से आगे पहुंचा तो काले रंग की प्लसर मोटरसाइकिल पर सवार तीन नकाबपोश युवक आए और उसकी मोटरसाइकिल रुकवा ली। युवकों ने छाती पर कट्टा लगाकर बैग को लूटकर गांव दूधौला की तरफ फरार हो गए। बाइक का नंबर भी वहीं था, जिससे लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था। बैग में कमल सिंह के नाम से दो बैंक पास बुक मिली, जिससे जाहिर होता है कि कमल के साथ लूट की वारदात को इन्हीं ने अंजाम दिया था। वहीं पुलिस ने तीसरे युवक की तलाश शुरू कर दी है।