पलवल। जिले में कोरोना मरीजों की संख्या लगातार घट रही है। पिछले दो माह में पहला मौका है, जब शनिवार को न्यूनतम सात मरीज मिले हैं। वहीं ठीक होने वाले मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। जिले में कोरोना संक्रमित 42 मरीज ठीक हुए। वहीं एक मरीज की मौत हुई। अब पलवल में 97 मरीज सक्रिय हैं। जिला सिविल सर्जन डॉ. ब्रह्मदीप सिंह ने बताया जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 10212 है। जबकि ठीक होने वालों की संख्या 9974 है। जिला सिविल सर्जन ने अपील की है कि वे कोरोना संक्रमण से सतर्क रहते हुए कोविड-19 नियमों की सख्ती से पालना करें। बचाव के उपायों को अपनाएं तथा घबराएं नहीं। स्वयं की तथा परिवारजनों की व अन्य लोगों की सुरक्षा के दृष्टिगत बाहर जाते समय मास्क अवश्य पहनें और दिन में कई बार साबुन व सैनिटाइजर से हाथों को अच्छी प्रकार से धोएं । छींकते व खांसते समय नाक व मुंह ढकें। इसके अलावा, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचें तथा हाथ मिलाने की जगह नमस्कार करें। उन्होंने कहा कि अगर आपको बुखार, खांसी और सांस लेने में तकलीफ है तो तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें। साथ ही अपनी आयुवर्ग अनुसार टीकाकरण अवश्य करवाएं। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए नागरिक प्रशासन की हिदायतों की गंभीरता से पालना करें और जरूरी कार्य हो तो ही घर से बाहर निकलें अन्यथा घर पर ही रहें।
-----संवाद------