हथीन। पलवल जिले के शिक्षा विभाग के कार्यरत सभी तीन हजार कर्मचारियों की सर्विस बुक विभाग की तरफ से ऑनलाइन कर दी जाएगी। अब सभी कर्मियों की सर्विस बुक पोर्टल पर अपलोड की जाएगी। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी अनिल शर्मा ने बताया कि पोर्टल में सर्विस बुक अपलोड होने के बाद उन्हें अपने विभागीय कर्मचारियों के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। पोर्टल में जानकारी दर्ज होने के बाद कर्मचाररियों की व्यक्तिगत जानकारी से लेकर उसके स्कूल की जानकारी ऑनलाइन हो जाएगी। उन्होंने कहा कि सर्विस बुक ऑनलाइन करने की प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू कर दी गई है।
विभागीय सूत्रों ने बताया पलवल जिले में तीन हजार से अधिक कर्मचारियों की सर्विस बुक ऑनलाइन की जाएगी। इसमें स्कूल के डीडीओ पावर वाले अध्यापक शिक्षा विभाग के एचआर की साइट पर डालेंगे। जिसमें कर्मचारियों का लॉगइन अलग से बनाया जाएगा। इस लॉगइन में कर्मचारी अपने से जुड़ी जानकारियों को चेक करेंगे। यदि उसमें कोई खामी मिलती है। तो पोर्टल के माध्यम से उसे ठीक कराने के लिए आग्रह करेंगे। शर्मा ने बताया कि सर्विस बुक ऑनलाइन होने के बाद और उसके रिटायर होने के बाद भी पेंशन सहित अन्य कार्यों के लिए कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
--