जिला स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिकायत पर बृहस्पतिवार को एक क्लीनिक पर छापामारी की। टीम को देखकर डॉक्टर फरार हो गया। विभागीय अधिकारियों ने क्लीनिक को सील कर दिया है व पुलिस को मामले की शिकायत की है।
सीएमओ डॉ. आदित्य स्वरूप गुप्ता के अनुसार हसनपुर तालाब चौक पर एक डेंटल क्लीनिक की कई दिनों से शिकायत मिल रही थी। बृहस्पतिवार को डिप्टी सीएमओ डॉ. जेपी प्रसाद व डेंटल सर्जन रामेश्वरी के नेतृत्व में विभाग की टीम गठित कर छापेमारी की गई। टीम ने दुकान पर मौजूद हसनपुर निवासी भोला से कागजात मांगे तो वह कागजात नहीं दिखा सका।
इसी बीच भोला मौके से फरार हो गया। विभागीय टीम ने कार्रवाई करते हुए दुकान को सील कर दिया व पुलिस को केस दर्ज करने के लिए शिकायत दे दी।
सीएमओ डॉ. गुप्ता का कहना है कि जो भी झोलाछाप लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करते हैं, वे खुद ही अपनी दुकानें बंद कर दें। उन्होनें कहा कि ऐसे किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, अगर कोई विभागीय अधिकारी उनके साथ संलिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।