- झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर ऐंठे पैसे, एसपी को दी शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। शहर थाना में तैनात रहे हवलदार राजकुमार पर एक व्यक्ति को ब्लैकमेल कर एक लाख रुपये हड़पने का गंभीर आरोप लगा है। शिकायतकर्ता आशीष मलिक ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजकुमार ने उन्हें झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देकर पैसे ऐंठे और बाद में 85 लाख रुपये और मांगे।
शिकायत के अनुसार, वर्ष 2019 में हवलदार राजकुमार ने एक मामले में गवाह बनने के बहाने आशीष मलिक को थाने बुलाया। कुछ समय बाद, उन्होंने झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देकर समझौते के नाम पर एक लाख रुपये की मांग की। जब शिकायतकर्ता ने इन्कार किया, तो उनके खिलाफ शिकायत दर्ज करवा दी। शिकायतकर्ता के अनुसार, उन्होंने 15 अगस्त 2019 को मजबूरी में हवलदार राजकुमार को एक लाख रुपये दिए। लेकिन इसके बाद भी राजकुमार ने उनसे और पैसे मांगने शुरू कर दिए। जब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे तो उन्हें धमकियां दी गईं और पैसे लौटाने से इन्कार कर दिया गया।
विभागीय जांच में ब्लैकमेलिंग के आरोप सही
जांच के दौरान यह सामने आया कि हवलदार राजकुमार ने शिकायतकर्ता से 60 हजार रुपये लिए थे और उन्हें चार किस्तों में वापस करने का समझौता हुआ था। लेकिन यह रकम अब तक पूरी तरह से नहीं लौटाई गई। जांच अधिकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता द्वारा दी गई ऑडियो रिकॉर्डिंग में यह स्पष्ट होता है कि राजकुमार ने उन्हें पैसे लौटाने का वादा किया था। शिकायतकर्ता ने बताया कि राजकुमार हवलदार पर पहले से ही कई विभागीय जांचें चल रही हैं। सिटी थाने में गबन के मामले में मुकदमा विचाराधीन है। उनकी सर्विस बुक में कई रेड एंट्रीज दर्ज हैं। शिकायतकर्ता ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि राजकुमार हवलदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और उनसे लिए गए पैसे ब्याज सहित वापस दिलवाए जाएं।