विधायक ने जन सुनवाई कर विभिन्न गांवों के लोगों की शिकायतें सुनीं
संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। स्थानीय विधायक मोहम्मद इसराइल चौधरी ने सोमवार को कार्यालय में जन सुनवाई करते हुए विभिन्न गांवों के लोगों की शिकायतों के निवारण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि ग्रामीण विकास कार्यों को गति देने के लिए हरियाणा ग्रामीण विकास निधि से पंचायतों को शीघ्र ही पांच करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया जा रहा। इसके अलावा डी प्लान स्कीम, सांसद निधि, विधायक निधि एवं जिला परिषद के माध्यम से भी इलाके को लगभग चार करोड़ रुपये विकास कार्यों के लिए मिलने वाले हैं।
विधायक ने बताया कि गांव कोट बीएससी नर्सिंग कॉलेज के निर्माण के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मांग की गई है, जिसमें मुख्यमंत्री का सकारात्मक रुख है। इसके अलावा दादा बाहड़ चौक के सौंदर्यीकरण के लिए विस्तृत योजना बनाई गई है। उटावड़ पॉलीटेक्निक कॉलेज में बेचलर फार्मेसी एवं बीसीए एवं एमसीए की कक्षाएं लगाने के लिए शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा से वार्ता हो चुकी है। उन्होंने बताया कि मण्डकौला की पीएचसी को सीएचसी का दर्जा दिया जा रहा है। गांव गहलब में पीएचसी निर्माण की स्वीकृति मिल गई है। शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। हथीन में महिला कॉलेज निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि की तलाश की जा रही है। विधायक ने बताया कि हथीन में सब्जी मंडी की स्थापना के लिए मुख्यमंत्री एवं कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा से मांग की गई है। इसके लिए भूमि के चयन की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी नवंबर में आयोजित होने वाले शहीदी दिवस समारोह में आएंगे। समारोह में बड़ी विकास योजनाओं की घोषणाएं की जाएंगी।