सीएम मनोहर लाल के अतिरिक्त प्रधान सचिव राकेश गुप्ता ने कहा है कि 31 मार्च 2017 तक हरियाणा प्रदेश को खुले में शौच मुक्त प्रदेश बना दिया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश के दो जिले पंचकूला व सिरसा को तो खुले में शौच मुक्त घोषित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसी भी हिस्से में मैला ढोने की प्रथा नहीं है।
बृहस्पतिवार को गुड़गांव कमिश्नरी की सारी मशीनरी पलवल में रही। यहां मंडल स्तर पर योजनाओं के बारे में खुलकर मंथन हुआ। बाद में मीडिया से रूबरू अतिरिक्त प्रधान सचिव राकेश गुप्ता ने कई दावे किए। कन्या भ्रूण हत्या पर उन्होंने कहा कि सेक्स रेशों पर आशातीत परिणाम सामने आ रहे हैं।
दिसंबर 2015 में सेक्स रेशो 850 था, अगस्त, 2016 में लिंगानुपात 911 तक पहुंच गया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग व अन्य प्रशासनिक तथा पुलिस अधिकारियों के सहयोग से इसे 950 तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि लिंगानुपात को सुधारने, गर्भवती महिलाओं का रजिस्ट्रेशन व एनिमिया वाले केस चिन्हित कर उनकी देखभाल करने, दवाइयों, टीकाकरण, मृत्युदर, शिक्षा की गुणवत्ता में तेजी से सुधार लाने पर विशेष कार्य किया जा रहा है।