पलवल में बजट प्रक्रिया देखते व्यापारी
- फोटो : Palwal
पलवल। हरियाणा सरकार द्वारा शुक्रवार को पेश किए गए बजट में पलवल और होडल उपमंडल में बरसाती पानी की निकासी का इंतजाम कराने की घोषणा जिले के लिए वरदान साबित होगी। इससे पलवल के लोगों को काफी फायदा मिलेगा, क्योंकि बरसात के दिनों में सड़कें पानी से लबालब हो जाती हैं। इसके अलावा नागरिक अस्पतालों में बेड की संख्या 200 होने से भी जिले के लोगों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलने की उम्मीद जागी है। बजट को लेकर आम लोग सुबह से ही टेलीविजन के सामने बैठे रहे।
हरियाणा के अंतिम छोर पर बसे पलवल में बरसात के मौसम में बुरा हाल हो जाता है। बरसात होने पर सड़कों, गलियों में ही नहीं, बल्कि लोगों के घरों के अंदर तक पानी घुस जाता है। पिछले दिनों बरसात के मौसम में पलवल के अंदर बरसात होने पर हुए जलभराव में तो लोगों ने नाव तक चला दी थी। इसके बाद विधायक दीपक मंगला ने इस समस्या को पिछले दिनों मुख्यमंत्री के सामने रखा था। विधायक की इसी मांग पर शुक्रवार को हरियाणा के अंदर पेश किए गए बजट में मुख्यमंत्री द्वारा पलवल और होडल में भी बरसाती पानी निकासी के इंतजाम करने की घोषणा की है।
जहां भाजपा और जजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री की घोषणाओं का स्वागत किया। वहीं, विपक्ष ने सरकार के इस बजट को छलावा बताया है। विपक्ष का कहना है कि सरकार ने पिछले छह साल में जितनी भी घोषणाएं की हैं, वे केवल घोषणाओं तक सीमित रहीं हैं। इस बजट में पलवल जिले के लिए ऐसा कुछ नहीं है। बजट में व्यापारियों और आम वर्ग के लिए भी कुछ नहीं है। न ही पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों पर अंकुश लगाने के लिए सरकार द्वारा कुछ किया गया है।
बेहतर होगी स्वास्थ्य सेवाएं
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बजट में पलवल जिले की सबसे बड़ी समस्या बरसाती पानी के निकासी का इंतजाम कर एक बड़ी सौगात दी है। सरकारी अस्पताल को 200 बेड का होने के बाद पलवल के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। अनुुसूचित जाति व किसानों के भी हित का बजट है। बजट में 20 साल से पट्टे पर बैठे दुकानदारों को मालिक बनाने की घोषणा से दुकानदारों को फायदा मिलेगा। इसके अलावा कक्षा नवीं से 12 तक के बच्चों को मुफ्त शिक्षा की घोषणा से शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा। बजट जनहित का है। - दीपक मंगला, विधायक पलवल