प्रशासन के दावे फेल, नकल करते पकड़े बारहवीं के 10 विद्यार्थियों के खिलाफ केस
छतों, दीवारों व केंद्रों के बाहर खिड़की से फेंकते रहे नकल
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की बृहस्पतिवार से शुरू हुई परीक्षा में प्रशासन की ओर से नकल रोकने के सारे दावे पहले ही दिन फेल हो गए। शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर जमकर नकल चली। परीक्षा केंद्राें पर नकल कराने वालों का जमघट लगा रहा। स्कूल की छातों व दीवारों पर चढ़कर नकल कराते नजर आए। इतना ही नहीं केंद्रों के कुछ दूरी पर बैठे अंग्रेजी के शिक्षक खुद पर्चियां बनाकर दे रहे थे। केंद्रों पर तैनात इक्का-दुक्का पुलिस कर्मी नकल फेंकने वालों के सामने बेबस नजर आ रहे हैं। इस दौरान बोर्ड के उड़नदस्ते ने विभिन्न केंद्रों से नकल करते हुए 10 विद्यार्थियों को पकड़ा।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षा बृहस्पतिवार से शुरू हुई। पहले दिन 12वीं का अंग्रेजी का पेपर था। पेपर शुरू होने से करीब आधा घंटा पहले बच्चों को केंद्र के अंदर प्रवेश कराया गया। परीक्षा हॉल में बच्चों को बैठाने से पहले उनकी जांच की गई। पेपर बंटने के चंद मिनटों के बाद ही केंद्रों पर नकल फेंकने वालों की भीड़ नजर आने लगी। नकल फेंकने वाले छतों व दीवारों पर जान जोखिम में डालकर चढ़ गए और नकल कराने लगे। वहीं, केंद्रों से कुछ दूरी पर नकल बनाने के लिए अंग्रेजी के शिक्षक बैठकर पर्चियां बनाते नजर आए। उन पर्चियों को लेकर युवा छतों, दीवारों व केंद्रों के पीछे खिड़कियों से नकल फेंकने लगते। पेपर खत्म होने तक नकल फेंकने का सिलसिला जारी रहा।
बनाए गए हैं 58 परीक्षा केंद्र
जिले में बोर्ड की कक्षा 12वीं के लिए 58 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर करीब 15 हजार बच्चे परीक्षा दे रहे हैं। परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 163 लगाई गई है और वहां स्थित सभी फोटो स्टेट मशीनों को बंद कराया गया है। इसके अलावा सभी केंद्रों पर पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं। ताकि नकल रोकी जा सके, लेकिन नकल नहीं रुकी।
उड़नदस्ता टीमों ने की छापेमारी
बोर्ड व प्रशासन की ओर से बनाए गए उड़नदस्ते ने छापा मारा। कई स्थानों पर नकल करते हुए बच्चों को भी पकड़ा। पहले दिन कार्रवाई के दौरान उड़नदस्ता टीमों को केंद्रों पर काफी अव्यवस्था मिली। बताया गया कि 10 विद्यार्थियों को पहले दिन नकल करते हुए पकड़कर उनके खिलाफ केस बनाए।
कुछ खुश तो कुछ निराश नजर आए बच्चे
अंग्रेजी का पेपर देखकर परीक्षा केंद्रों से बाहर निकलकर आए कुछ बच्चे पेपर से खुश नजर आए तो कुछ निराश नजर आए। पेपर देकर बाहर आए रजत का कहना था कि पेपर न तो आसान था और न ही ज्यादा कठिन था। उन्होंने पूरा पेपर किया है। पहले उन्होंने उन प्रश्नों को किया, जो पूरी तरह से आते थे, उसके बाद अन्य प्रश्नों को किया। वहीं, छात्रा सीमा का कहना था कि पेपर पूरा किया है। लेकिन कुछ प्रश्नों ने उसे उलझाया। फिर भी उन्होंने पूरा पेपर करने का प्रयास किया है। उन्हें उम्मीद है कि पेपर में नंबर ठीक आएंगे। छात्र संदीप कुमार व धर्मेंद्र का कहना था कि पेपर पूरा करने का प्रयास किया है, क्योंकि कुछ प्रश्न समझ नहीं आए। पेपर पूरी तरह से आसान नहीं था।
बोर्ड की तरफ से परीक्षा कराने के लिए तैनात किए गए नोडल अधिकारी वेद पाल मलिक का कहना है कि पेपर शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया गया। प्रशासन व पुलिस अधिकारियों से केंद्रों पर और पुलिस कर्मी तैनात करने की मांग की गई है। पेपर संपन्न होने के बाद जो केस बनाए गए हैं, उनकी जानकारी बोर्ड को दे दी गई है। परीक्षा के दौरान नकल पर अंकुश लगाने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है।