दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता को घर से निकाला
पलवल। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता के साथ मारपीट करने व जान से मारने की धमकी देकर घर से निकालने का मामला सामने आया है। शहर थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर उसकी सुसराल पक्ष के पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी एएसआई महेंद्र के अनुसार पलवल के कानूनगो मोहल्ला निवासी गीता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी 20 जून 2014 को आर्य नगर बल्लभगढ़ निवासी राकेश के साथ हुई थी। शादी में हैसियत अनुसार दान दहेज भी दिया था। लेकिन उसके सुसराल पक्ष के लोग उस दहेज से संतुष्ट नहीं हुए और पांच लाख रुपये नकद लाने की मांग करने लगे। दहेज लाने में असमर्थता जताने पर गीता को उसके पति, ससुर विजय, सास विद्या, जेठ घनश्याम व जेठानी बबली ने मारपीट कर व जान से मारने की धमकी देकर घर से निकाल दिया और दहेज लाने पर ही वापस घर आने को कहा। पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है।